5 राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आज

Update: 2026-05-04 04:36 GMT



पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम आज आने वाले हैं। सारे देश की नजर इन नतीजों पर टिकी हुई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। पहले डाक मतपत्रों से गणना की जाएगी। इसके बाद ईवीएम के मतों की गिनती होगी।

इसके अलावा पांच राज्यों की आठ सीटों पर हुए उपचुनाव के भी आज ही मतगणना होगी। यह वह सीट हैं जहां मौजूदा विधायकों के निधन के बाद पिछले महीने उपचुनाव कराए गए थे। इनमें गोवा की पोंडा, कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण, नागालैंड की कोरिडांग, त्रिपुरा की धर्मनगर, गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की राहुरी एवं बारामती सीट शामिल है।

इस चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, कड़ी सुरक्षा और लाइव वेबकास्टिंग जैसे तकनीकी नवाचारों ने चुनावी प्रक्रिया के विकसित होने का संकेत दिया है। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम में लोगों की सबसे अधिक नजर पश्चिम बंगाल पर होगी। 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा की 293 सीटों के लिए 77 केंद्रों पर मतगणना होगी। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर गड़बड़ी की वजह से मतदान रद कर दिया गया है। फलता में 21 मई को दोबारा मतदान होगा।

मतगणना को देखते हुए इस बार राज्य में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों को तैनात किया है। मतगणना केंद्रों पर रिटर्निंग अफसरों और पर्यवेक्षकों को छोड़कर कोई भी मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेगा।

मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। पहली बार, आयोग ने मतगणना केंद्रों में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए मतगणना कर्मचारियों के लिए क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली शुरू की है। आज शाम तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन सी पार्टी या गठबंधन सत्ता में आएगी और किस पार्टी को जनता का जनादेश नहीं मिलेगा।

Similar News