राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए इटली पहुंच गई हैं। यह यात्रा भारत सरकार और भारतीय जनता की ओर से पोप फ्रांसिस के प्रति संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से की जा रही है।
राष्ट्रपति मुर्मु 26 अप्रैल को वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्क्वायर में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। इस मौके पर दुनिया भर के प्रमुख गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
वह सेंट पीटर बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित करके पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। यह दौरा दो दिन का है, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु पोप फ्रांसिस के प्रति भारत की संवेदना व्यक्त करने के लिए वेटिकन सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
पोप फ्रांसिस का निधन 21 अप्रैल को हुआ। इस दुखद समाचार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोप के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के लोगों के प्रति पोप फ्रांसिस का स्नेह हमेशा याद रखा जाएगा।
भारत सरकार ने पोप के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।