भारत ने चौथी बार हॉकी एशिया कप जीतकर इतिहास रच दिया है। 2025 हॉकी एशिया कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हॉकी एशिया कप का खिताब जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई।
उन्होंने आगे लिखा कि यह जीत इसलिए और भी खास है क्योंकि उन्होंने गत विजेता दक्षिण कोरिया को हराया है! यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों के लिए गौरव का क्षण है। यही कामना है कि हमारे खिलाड़ी कामयाबी के नए शिखर छूते रहें और देश का नाम रोशन करते रहें |