नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-05-14 06:44 GMT



जयपुर, 14 मई। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन व्यक्ति जयपुर, एक गुरुग्राम और एक नासिक का निवासी बताया जा रहा है। मामले में अन्य कई संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। सीबीआई ने बुधवार को इस मामले में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने छापों के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री की फॉरेंसिक जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

जांच एजेंसी इस पूरे मामले में राजस्थान की एजेंसिंयों के साथ भी समन्वय बनाकर काम कर रही है, जिसने प्रारंभिक स्तर पर इस प्रकरण की जांच शुरू की थी। माना जा रहा है कि पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क के कई और अहम खुलासे आने वाले दिनों में हो सकते हैं। गौरतलब है कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर देशभर में विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। एजेंसी लगातार विभिन्न राज्यों में कार्रवाई कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Similar News