इजरायल में बनेगा मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों की याद में स्मारक......

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
इजरायल में बनेगा मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों की याद में स्मारक......


इजराइल का दक्षिणी तटवर्ती शहर ऐलात अमेरिका में 11 सितंबर को हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों की तरह मुंबई में 26 नवंबर को हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों की याद में एक चौक बनाने पर विचार कर रहा है। मुंबई में 2008 में आतंकवादी हमले के दौरान यहूदियों के उपासना स्थल चबाड हाउस को भी निशाना बनाया गया था। पाकिस्तान के लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने चार दिनों तक मुंबई में भारी तबाही मचायी थी। चबाड हाउस में छह यहूदियों समेत मुंबई में कम से कम 166 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे ।

ऐलात शहर के सितार आर्गनाइजेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में उनकी ऐलात के मेयर मीर इत्जाक हा लेवी से वार्ता हुई है। वे उस समिति में हैं जो स्मारक बनाने की अनुमति देती है। उन्होंने बताया कि वे यहां पर इंडिया-इजरायल फ्रेंडशिप स्क्वायर या महात्मा गांधी स्क्वायर बनाए जाने पर भी विचार कर रहे हैं। शहर में चबाड मूवमेंट का सिनेगॉग, चबाड हाउस में हमले में मारे गए छह यहूदियों की याद में एक पट्टिका भी लगाने पर विचार कर रहा है । सितार आर्गेनाइजेशन ने बताया, ''सिनेगॉग के प्रवेशस्थल पर एक पट्टिका लगायी जाएगी। '' पिछले सप्ताह बीरसेबा शहर में चबाड हाउस ने मुंबई हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया था।

अराधना मौर्या

Next Story
Share it