मनुष्यों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने में वृक्ष समाज महत्वपूर्णः कुलपति

  • whatsapp
  • Telegram
मनुष्यों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करने में वृक्ष समाज महत्वपूर्णः कुलपति

अयोध्या: डाॅ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के एमबीए परिसर के सभागार में वन महोत्सव के तहत वृहद वृक्षारोपण जागरूकता कार्यक्रम व आईईटी परिसर में वृहद वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या सांसद लल्लू सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि अयोध्या महापौर मंहत गिरीशपति त्रिपाठी, वन संरक्षक डाॅ0 अनिरूद्ध पाण्डेय, वन अधिकारी सित्यांशु पाण्डेय व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अविवि की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल ने की।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि सभी को भावनात्मक रूप से वृक्ष लगाना होगा। इसमें ग्रामीणजनों को भी शामिल करना चाहिए। इससे पर्यावरण के प्रति एक अच्छे वातावरण का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री के संकल्पों को वृक्षारोपण के माध्यम से पूरा कराना होगा। सांसद ने कहा कि वर्तमान में हम सभी के ऊपर पाश्चात्य सभ्यता हावी हो गई है। इससे उबरने की आवश्यकता है।

सांसद लल्लू सिंह ने विश्वविद्यालय में किए जा रहे पांच हजार वृक्षारोपण की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्यावरण के लिए शुभ संकेत है। छात्रों को आगे आकर वृक्षारोपण के लिए अन्य को भी जागरूक करना चाहिए।




कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल ने कहा कि पेड़ पौधों की महिमा अनंत है। ये पेड़ पौधे हमे क्या नही देते। मूलभूत आवश्यकताओं कपड़ा, रोटी, मकान को ये पेड़ पूरी करते हैं। गुणकारी औषधियां देते है। पेड़ के महत्व को बताते हुए उन्होंने किसी कवि की पंक्तियाँ कही, जब कभी धूप की शिद्दत ने तपाया मुझको याद आया एक पेड़ का साया मुझको। कुलपति ने कहा कि आधुनिक युग में प्रदूषण की समस्याएं बढ़ती चली जा रही हैं। अनेको बीमारियां मनुष्यों को घेर रही है ऐसे में एक वृक्ष समाज ही है जो हमारे सामने आशा की किरण बनके खड़ा है।

ये पेड़ ही है जो वातावरण से जहर पी पी कर हमे ऑक्सीजन प्रदान करते है। हमे वन संरक्षण अवश्य करना चाहिए। कुलपति ने कहा कि पंजाब एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय को हाल ही में ग्रीनेस्ट कैंपस ऑफ दी कंट्री का अवार्ड मिला है। हमारे शास्त्रों में भी पेड़ों के महत्व को भली भांति बताया गया है। पेड़ो से जब हम भावनात्मक रूप से नही जुड़ेंगे तब तक हम उनके लिए कुछ नही कर पाएंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के निर्देशन में हम लोग भाग्यशाली है कि आज विश्वविद्यालय प्रांगण में आप सभी महानुभावों की उपस्थिति में वृक्षारोपण करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में अयोध्या महापौर मंहत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि हमारी वैदिक संस्कृति ही वन जीवन की रही है। इसमें ऋषियों एवं मुनियों की चेतना व संवेदना ही हमारी संस्कृति है। इसलिए संस्कृति व वनो का अटूट रिश्ता रहा हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी सांस्कृतिक तौर पर सम्पन्न है। पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्षारोपण के प्रति सभी को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के बारे में सोचना होगा। इसमें सभी की जनसहभागिता जरूरी है और हमारा एक सांस्कृतिक दायित्व भी है। कार्यक्रम में वन अधिकारी सित्यांशु पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप एक जुलाई से सात जुलाई तक वृहद वृक्षारोपण किया जाना है। इसे सभी को मिलकर सफल बनाना होगा। हर व्यक्ति को एक वृ़क्ष जरूर लगाना होगा।



कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर छात्र-छात्राओं के कविता पाठ व पेटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को वृक्ष देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत एनसीसी व छात्र-छात्राओं को वृक्षारोपण के लिए वृक्ष दिया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो0 शैलेन्द्र वर्मा द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन वन संरक्षक डाॅ0 अनिरूद्ध पाण्डेय द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत अयोध्या सांसद लल्लू सिंह, अविवि की कुलपति प्रो0 प्रतिभा गोयल, अयोध्या महापौर मंहत गिरीशपति त्रिपाठी, वन संरक्षक डाॅ0 अनिरूद्ध पाण्डेय, वन अधिकारी सित्यांशु पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, प्रो0 हिमांशु शेखर सिंह, प्रो0 एसएस मिश्र, प्रो0 नीलम पाठक, कुलसचिव उमानाथ, प्रो0 शेलेन्द्र वर्मा, डाॅ0 विजयेन्दु चतुर्वेदी, इंजीनियर शाम्भवी मुद्रा शुक्ला, डाॅ0 रामजी सिंह, डाॅ0 आशुतोष पाण्डेय, डाॅ0 प्रियंका सिंह, डाॅ0 निमिष मिश्र, डाॅ0 अंशुमान पाठक, डाॅ0 संजीत पाण्डेय, डाॅ0 अनुराग तिवारी, डाॅ0 श्रीश अस्थाना, डाॅ0 महेन्द्र पाल सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी आशीष मिश्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने वृक्षारोपण किया।

Next Story
Share it