लखनऊ के 10 उच्च शिक्षा संस्थानों में आज भारत बौधIKS परीक्षा का सफल आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
लखनऊ के 10 उच्च शिक्षा संस्थानों में आज भारत बौधIKS परीक्षा का सफल आयोजन
X


आज लखनऊ शहर के विभिन्न उच्च शिक्षा संस्थानों में स्थित 10 परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय स्तर की भारत बौधIKS परीक्षा 2026 का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय एवं विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुई। लखनऊ में परीक्षा के समन्वय की जिम्मेदारी विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा निभाई गई।

भारत बौधIKS परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति बौद्धिक समझ विकसित करना तथा भारतीय दर्शन, संस्कृति, विज्ञान, कला और सामाजिक चिंतन को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ना है। इस परीक्षा में लखनऊ के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के स्नातक, परास्नातक एवं शोधार्थी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लखनऊ में आयोजित इस परीक्षा में 2000 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता दर्ज की गई, जो इसकी व्यापक स्वीकार्यता और शैक्षणिक महत्व को दर्शाती है।

परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई, जिसकी अवधि दो घंटे निर्धारित थी। प्रश्नपत्र दो भागों में विभाजित रहा। प्रथम भाग में बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे, जबकि द्वितीय भाग में एक वर्णनात्मक प्रश्न दिया गया, जिसका उत्तर निर्धारित शब्द-सीमा में देना था। प्रश्नपत्र का पाठ्यक्रम भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विषयों पर आधारित रहा, जिसमें दर्शन, इतिहास, विज्ञान, समाज, कला और संस्कृति के विविध आयाम सम्मिलित किए गए। परीक्षा हेतु प्रति अभ्यर्थी पंजीकरण शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया था।

लखनऊ में परीक्षा का आयोजन जिन प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थानों में किया गया, उनमें दयानंद बछरावां डिग्री कॉलेज, बछरावां, नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेन्द्र नगर, द इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेज यूनिवर्सिटी, विधि संकाय, लखनऊ विश्वविद्यालय, एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर, ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, आर्यकुल ग्रुप ऑफ कॉलेज, डॉ. राम मनोहर लोहिया पी.जी. कॉलेज, हरदोई, पं. दीन दयाल उपाध्याय पी.जी. कॉलेज, राजाजीपुरम तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबद्ध परीक्षा केंद्र शामिल रहे।

परीक्षा का संचालन प्रो. जय शंकर प्रसाद पांडेय, डॉ. सुभाष मिश्रा एवं डॉ. मंजुल त्रिवेदी के मार्गदर्शन एवं प्रो. सुनीता कुमार, प्रो. अभिषेक तिवारी, डॉ. रुचिता सुजय चौधरी, डॉ. नेहा जैन, डॉ. योगेन्द्र सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार पाल, प्रो. बीना राय, डॉ ऐश्वर्या सिंह के सहयोग से सुचारू रूप से संपन्न हुआ। आयोजकों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित की गई।

आयोजन से जुड़े शिक्षकों एवं समन्वयकों ने बताया कि भारत बौधIKS परीक्षा विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के व्यवस्थित अध्ययन का अवसर प्रदान करती है तथा उनमें बौद्धिक चेतना, सांस्कृतिक आत्मबोध और राष्ट्रीय दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हो रही है। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भी परीक्षा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी बताया।

साथ ही यह भी बताया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार की अकादमिक पहलों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को उच्च शिक्षा के केंद्र में स्थापित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Next Story
Share it