भाषा विश्वविद्यालय से इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप Acuity Neocare को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता, कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने दी शुभकामनाएँ

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय से इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप Acuity Neocare को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता, कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने दी शुभकामनाएँ
X


लखनऊ स्थित ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के Awadh Incubation Foundation से इन्क्यूबेटेड मेड-टेक स्टार्टअप Acuity Neocare OPC Private Limited ने नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। नियोनेटोलॉजिस्ट डॉ. गीतांजलि श्रीवास्तव द्वारा स्थापित यह स्टार्टअप सार्वजनिक एवं संसाधन-सीमित स्वास्थ्य संस्थानों के लिए किफायती और एआई-सक्षम नवजात मॉनिटरिंग उपकरण विकसित करने पर केंद्रित है, जो नवजात शिशुओं की सुरक्षित और प्रभावी देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक अभिनव पहल है।

स्टार्टअप को अक्टूबर 2025 में भाषा विश्वविद्यालय के Awadh Incubation Foundation में इन्क्यूबेशन प्राप्त हुआ, जिसके बाद 19 नवंबर 2025 को यह उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक स्टार्टअप पोर्टल Startin UP पर पंजीकृत हुआ। इसके अतिरिक्त, स्टार्टअप का Prototype Development Incentive (PDI) आवेदन स्वीकृत हो चुका है। साथ ही, स्टार्टअप ने राज्य सरकार की ₹5 लाख प्रोटोटाइप डेवलपमेंट ग्रांट हेतु आयोजित मूल्यांकन प्रक्रिया के दोनों चरण सफलतापूर्वक पार किए। विशेष रूप से 29 जनवरी 2026 को आयोजित द्वितीय चरण की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव द्वारा की गई, जिसमें स्टार्टअप के नवाचार और सामाजिक प्रभाव की सराहना की गई।

इस उपलब्धि को नई ऊँचाई तब मिली जब 18 फरवरी 2026 को भारत सरकार द्वारा Acuity Neocare को टेस्ट लाइसेंस प्रदान किया गया, जिससे कंपनी अपने नवजात शिशु देखभाल समाधानों के क्लिनिकल परीक्षण की दिशा में आगे बढ़ सकी। यह उपलब्धि न केवल स्टार्टअप बल्कि विश्वविद्यालय के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी गर्व का विषय है।

प्रो. सैयद हैदर अली ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “Acuity Neocare की उपलब्धि यह दर्शाती है कि भाषा विश्वविद्यालय का इन्क्यूबेशन तंत्र नवाचार और सामाजिक उपयोगिता आधारित स्टार्टअप्स को मजबूत मंच प्रदान कर रहा है। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ युवाओं को शोध और नवाचार की दिशा में प्रेरित करेगी।”

वहीं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने स्टार्टअप टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “Acuity Neocare की यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। हमें विश्वास है कि यह स्टार्टअप अपने नवाचार के माध्यम से देश के वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में नवजात शिशु देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय सदैव ऐसे नवाचारों को प्रोत्साहित करता रहेगा।”

मजबूत संस्थागत सहयोग और नियामकीय समर्थन के साथ Acuity Neocare अब भारत में सुलभ, किफायती और तकनीक-समर्थित नवजात शिशु देखभाल का नया मानक स्थापित करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

Next Story
Share it