भाषा विश्वविद्यालय में फ्यूचरिस्टिक आइडियाज़ एंड स्टार्टअप इनोवेशन फोरम का आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय में फ्यूचरिस्टिक आइडियाज़ एंड स्टार्टअप इनोवेशन फोरम का आयोजन
X


लखनऊ। ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में 02 फरवरी 2026 को विद्यार्थियों में नवाचार एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फ्यूचरिस्टिक आइडियाज़ एंड स्टार्टअप इनोवेशन फोरम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के भविष्यपरक एवं नवोन्मेषी विचारों की पहचान कर उन्हें स्टार्टअप के रूप में विकसित करने हेतु मार्गदर्शन, मेंटरशिप और इनक्यूबेशन सहयोग प्रदान करना रहा। फोरम के अंतर्गत स्टार्टअप इकोसिस्टम की समझ, वर्तमान स्टार्टअप परिदृश्य, चरणबद्ध हैंडहोल्डिंग मॉडल तथा विद्यार्थियों के विचारों के विकास एवं प्रस्तुतीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान १९० प्रतिभागियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया एवं 16 उत्कृष्ट विचारों का चयन किया गया। चयनित विचारों को आगे विशेषज्ञ मेंटरिंग, बिज़नेस वैलिडेशन, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट एवं इनक्यूबेशन सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर अवध इनक्यूबेशन फाउंडेशन के वाईस चेयरमैन प्रो. सैयद हैदर अली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि नवाचार, नेतृत्व और उद्यमशील सोच को विकसित करने की प्रयोगशाला है। विद्यार्थियों के विचारों को यदि संरचित मार्गदर्शन और संस्थागत समर्थन मिले, तो वे सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं।

इस अवसर पर राफ्ट्स एंड रिवर्स के डायरेक्टर श्री नृपिन भट्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के पास समस्याओं को अवसर में बदलने की अद्भुत क्षमता होती है। सही मार्गदर्शन और निरंतर मेंटरशिप से छात्र अपने विचारों को सफल स्टार्टअप में परिवर्तित कर सकते हैं। इस प्रकार के मंच नवाचार को दिशा देने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

वहीं एर. अनुराग मिश्रा, वरिष्ठ प्रबंधक, समाधान ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का युग विचारों का है। यदि विचार व्यवहारिक हों और उन्हें तकनीकी व व्यावसायिक समर्थन मिले, तो वे न केवल रोजगार सृजन कर सकते हैं बल्कि समाज के लिए भी प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। चयनित छात्र विचारों में स्टार्टअप बनने की पूरी संभावनाएँ हैं।

कार्यक्रम का आयोजन अवध इनक्यूबेशन फाउंडेशन एवं ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के पश्चात आइडियाथॉन आयोजित किए जाने की भी घोषणा की गई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को स्टार्टअप के रूप में साकार करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. दोआ नकवी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर प्रो. मुशीर अहमद, डॉ. हेमंत सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे ।

Next Story
Share it