रक्षामंत्री ने दार्जिलिंग के सुकना युद्ध स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि, साथ ही LAC पर करेंगे शस्त्र पूजा......

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
रक्षामंत्री ने दार्जिलिंग के सुकना युद्ध स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि, साथ ही LAC पर करेंगे शस्त्र पूजा......


पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ चल रहे सीमा विवाद के बीच केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सिक्किम में भारतीय सेना के साथ दशहरा मनाएंगे। दशहरा समारोह में राजनाथ सिंह सिक्किम के नाथुला दर्रे के पास शेरथांग में 'शस्त्र पूजा' भी करेंगे। यह जगह चीन से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से महज 2 किलोमीटर दूर है। राजनाथ सिंह दो दिन के सिक्किम और पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। राजनाथ सिंह ने शनिवार को दार्जिलिंग के सुकना स्थित 33वीं कॉर्प्स मुख्यालय पर भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान राजनाथ सिंह ने जवानों का मनोबल बढ़ाने केलिए उन्हें संबोधित भी किया।

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, 'सभी देशवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। आज के इस पावन अवसर पर मैं सिक्किम के नाथूला क्षेत्र में जाकर भारतीय सेना के जवानों से भेंट करूंगा और शस्त्र पूजन समारोह में भी मौजूद रहूंगा।' रविवार सुबह रक्षामंत्री और सेना प्रमुख विशेष विमान से सिक्किम के लिए रवाना होंगे और वहां एलएसी से लगे फारवर्ड एरिया का दौरा करेंगे। दशहरे के मौके पर पर सैनिकों के साथ शस्त्र पूजन के बाद राजनाथ उन्हें संबोधित भी करेंगे। माना जा रहा है कि उनके दौरे से सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा।

अराधना मौर्या

Next Story
Share it