पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में 15,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णानगर से 15 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
कल श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में हुगली के आरामबाग में 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, देश ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है.
श्री मोदी ने हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, भारत ने दुनिया को दिखाया कि पर्यावरण के साथ सामंजस्य बिठाकर कैसे विकास किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में उद्घाटन किया गया एलपीजी बॉटलिंग प्लांट पश्चिम बंगाल के सात जिलों की जरूरतों को पूरा करेगा। उनके द्वारा अपशिष्ट जल उपचार और सीवरेज से संबंधित तीन परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने कई रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित कीं जो क्षेत्र में रेल परिवहन सुविधाओं का विस्तार करेंगी।
इससे पहले कल श्री मोदी ने झारखंड के धनबाद जिले के सिंदरी से 35,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। ये परियोजनाएं उर्वरक, रेल, बिजली और कोयला क्षेत्रों से संबंधित हैं।





