भारत का रक्षा निर्यात 2028-29 तक 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा :राजनाथ सिंह

  • whatsapp
  • Telegram
भारत का रक्षा निर्यात 2028-29 तक 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा :राजनाथ सिंह
X

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत 2028-29 तक रक्षा क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपये के निर्यात का लक्ष्य हासिल कर लेगा। नई दिल्ली में एक मीडिया संगठन द्वारा आयोजित रक्षा शिखर सम्मेलन में बोलते हुए, रक्षा मंत्री ने कहा कि इसी अवधि में भारत का वार्षिक रक्षा उत्पादन तीन लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।

रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में उठाए गए प्रमुख कदमों पर प्रकाश डालते हुए, श्री सिंह ने कहा, रक्षा मंत्रालय ने सेवाओं की पांच सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची अधिसूचित की, जिसमें 500 से अधिक आइटम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा इकाइयों के लिए 4600 से अधिक वस्तुओं के साथ चार अन्य सूचियां भी अधिसूचित की गई हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सैनिक भारत में बने हथियारों और प्लेटफार्मों का उपयोग करें।

रक्षा मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में अब तक 4 लाख 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक के पूंजी अधिग्रहण को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2024-25 में रक्षा मंत्रालय को 6.21 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए, जो मंत्रालयों में सबसे अधिक है।

श्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि रक्षा क्षेत्र को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाने और प्रधानमंत्री के 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दीर्घकालिक लाभ के लिए इसमें आमूलचूल परिवर्तन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार 2047 तक भारत को 'विकसित भारत' बनाने के लिए दीर्घकालिक लाभ पर ध्यान केंद्रित कर रही है, न कि अल्पकालिक परिणामों पर। मंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में.सरकार का लक्ष्य भारत में एयरो-इंजन और गैस टरबाइन जैसी उच्च-स्तरीय प्रणालियों का निर्माण करना है।

Next Story
Share it