देश : कृषि कानूनों के विरोध में किसानो ने किया हाइवे पर चक्का जाम

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
देश : कृषि कानूनों के विरोध में किसानो ने किया हाइवे पर चक्का जाम

केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को बुलाया किसानों का भारत बंद शुरू हो गया है। इस दौरान किसान अलग-अलग हाइवे पर चक्का जाम करेंगे और साथ ही रेलवे लाइनों को भी अवरुद्ध करेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा दी है तो वहीं किसानों ने पंजाब-हरियाणा के बीच शंभु बॉर्डर को जाम कर दिया है। किसान सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक चक्का जाम रखेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसानों के भारत बंद को कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियां, आरजेडी, बीएसपी और एसपी सहित देश की लगभग हर विपक्षी पार्टी ने समर्थन देने का ऐलान पहले ही कर दिया है

उत्तर प्रदेश में भी भारत बंद का असर। मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने छपार और रोहाना टोल पर लगाया जाम। स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर यातायात बंद हुआ। गंग नहर की पटरी से निकाला जा रहा है नेशनल हाईवे दिल्ली देहरादून का यातायात।

-सहारनपुर में भारत बंद का ट्रेनों के संचालन पर दिखा असर। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को सहारनपुर में ही रोका। अम्बाला की तरफ से आने वाली भी नहीं आ रही कोई ट्रेन। अम्बाला से आगे रोपड में रेलवे ट्रैक पर बैठे किसान।

- भारत बंद के कारण केरल में जन-जीवन अस्त-व्यस्त। राज्य में सत्ताधारी एलडीएफ और विपक्षी कांग्रेस ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। पूरे राज्य में सभी शिक्षण संस्थान, दुकानें, दफ्तर बंद रहेंगे। हालांकि, निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं है लेकिन कुछ इलाकों में जबरन वाहन रोके जाने की खबरें भी मिली हैं। राज्य शिक्षा विभाग ने सोमवार को होने वाले कुछ परीक्षाओं की तारीख भी बदल दी है।

-किसान नेता राकेश टिकैत ने भारत बंद को लेकर कहा कि कुछ भी सील नहीं किया गया है। एंबुलेंस, डॉक्टरों सहित सभी आपातकाली सुविधाएं जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि हमने कुछ सील नहीं किया, हम बस संदेश देना चाहते हैं।

27 सितंबर के भारत बंद की पूरी तैयारी कर ली है। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने एक बार फिर कहा कि मैं किसानों से आग्रह करता हूं कि वे आंदोलन छोड़कर वार्ता का रास्ता अपनाएं। तोमर ने रविवार को कहा कि सरकार किसानों की ओर से बताई गई आपत्ति पर विचार करने के लिए तैयार है। इससे पहले भी कई बार बात हो चुकी है। इसके बाद भी उन्हें लगता है कि कोई बात बची है तो सरकार उस पर जरूर बात करेगी। कांग्रेस और आरजेडी के अलावा आम आदमी पार्टी, मायावती की बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भी भारत बंद का साथ देने का ऐलान किया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, 'भाजपा सरकार के काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलित किसानों के द्वारा कल बुलाए गए भारत बंद का समाजवादी पार्टी पूर्ण समर्थन करती है। किसान विरोधी काले कानूनों को वापस ले सरकार।'

दिल्ली पुलिस अलर्ट पर

दिल्ली पुलिस ने भारत बंद के ऐलान के बाद 15 जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा है । दिल्ली पुलिस ने भारत बंद से पहले राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढा दी है और अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है। पुलिस के अनुसार, गश्त बढ़ा दी गई है, चौकियों पर, विशेष रूप से सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है और राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले हर वाहन की पूरी जांच की जा रही है। बॉर्डर इलाके वाले मेट्रो स्टेशन और नई दिल्ली इलाके में आने वाले मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ, डीएमआरसी दिल्ली पुलिस के साथ अलर्ट पर रहेगी।

बता दें कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली मे विभिन्न बॉर्डरों पर पिछले दस महीनों से किसानों का आंदोलन जारी है। पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा आदि के किसान सरकार से कृषि कानूनों को रद्द करने और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग कर रहे हैं।

Next Story
Share it