राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हैदराबाद में वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव का उद्घाटन करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस महीने की 14 से 17 तारीख तक हैदराबाद के कान्हा शांति वनम में आयोजित होने वाले वैश्विक आध्यात्मिक महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सबसे बड़ी वैश्विक आध्यात्मिक सभा के समापन समारोह में भाग लेंगे। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय हार्टफुलनेस मिशन के सहयोग से अपनी तरह के अनूठे वैश्विक आध्यात्मिक महोत्सव की मेजबानी करेगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि आगामी सम्मेलन सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के बीच एकजुटता के साथ देश की 'वसुधैव कुटुंबकम' विचारधारा की निरंतरता में है।
इस आयोजन के लिए एक साथ आने वाले कुछ संगठनों में रामकृष्ण मिशन, परमार्थ निकेतन, द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन, माता अमृतानंदमयी मठ, हैदराबाद के आर्कबिशप और अन्य शामिल हैं।
दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्र में सभी धर्मों के आध्यात्मिक नेताओं को एक साथ लाने के अलावा, चार दिवसीय शिखर सम्मेलन में कई पैनल चर्चाएं, भारत के आध्यात्मिक इतिहास को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी और किताबों और संगीत के माध्यम से एक व्यापक अनुभव होगा।
इस आयोजन का मुख्य विषय 'आंतरिक शांति से विश्व शांति' होगा। इसमें उन लोगों के लिए पंचकर्म केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे जो चिकित्सीय सत्रों का लाभ उठाना चाहते हैं। इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।





