भारत बनने जा रहा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : राष्ट्रपति मुर्मु

  • whatsapp
  • Telegram
भारत बनने जा रहा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : राष्ट्रपति मुर्मु
X


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में आयोजित स्लोवाकिया-भारत बिजनेस फोरम को संबोधित किया। उन्होंने इस मंच को दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को प्रगाढ़ करने और परस्पर लाभकारी साझेदारियों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत आने वाले वर्षों में 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर अग्रसर है और यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने स्लोवाकियाई निवेशकों और उद्यमियों को भारत में व्यापार के अवसरों का लाभ उठाने का आमंत्रण भी दिया।

स्लोवाकिया दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु को कॉन्स्टेंटाइन द फिलॉसफर विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत-स्लोवाकिया संबंधों में उनके योगदान और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को मान्यता देने के तौर पर प्रदान किया गया।

अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। खास आकर्षण रहा भारतीय महाकाव्य रामायण का मंचन, जिसमें दोनों देशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। स्लोवाकिया में रहने वाले भारतीय समुदाय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने भारत की संस्कृति, परंपरा और विरासत को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

इसके अलावा एक कला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत को चित्रों के रूप में दर्शाया गया। यह प्रदर्शनी भारतीय समुदाय के सांस्कृतिक योगदान का प्रतीक बन गई।

राष्ट्रपति मुर्मु की यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहयोग को नए आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Next Story
Share it