राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले की निंदा की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की निंदा की है। राष्ट्रपति ने...


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की निंदा की है। राष्ट्रपति ने...
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले की निंदा की है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमला अमानवीय कृत्य है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला करना बेहद भयावह और अक्षम्य है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हिंसा के ऐसे कृत्य कड़ी निंदा के पात्र हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस जघन्य कृत्य के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तथा कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर यह नृशंस हमला कायरतापूर्ण और बेहद निंदनीय कृत्य है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना की निंदा की है।