पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ सघन कूटनीतिक अभियान शुरु

  • whatsapp
  • Telegram
पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ सघन कूटनीतिक अभियान शुरु
X


भारत ने पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने और ऑपरेशन सिंदूर पर विश्व समुदाय को विश्वास में लेने के लिए सघन कूटनीतिक अभियान शुरु किया है। इसके अन्‍तर्गत कल दो सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल नौ देशों की यात्रा पर रवाना हुए। जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल पांच देशों- इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और सिंगापुर की यात्रा पर रवाना हुआ। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व वाला दल संयुक्‍त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन की यात्रा कर रहा है।


श्री संजय झा ने रवाना होने से पहले कहा कि प्रतिनिधि मंडल दुनिया को यह बताएगा कि पाकिस्तान किस तरह आतंकवाद को प्रायोजित करता रहा है। पाकिस्तान के नापाक इरादों और भारत के सफल आतंकरोधी अभियान के बारे में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को जानकारी देने के लिए सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल गठित किए गए हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी आज प्रतिनिधिमंडलों के साथ चर्चा करेंगे।


भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्‍व वाला दल सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत और अल्‍जीरिया का दौरा करेगा। इस दल में अनुभवी नेता गुलाम नबी आज़ाद, भाजपा सांसद निशिकांत दूबे और ए.आई.ए.आई.एम. सांसद असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद के नेतृत्‍व वाला शिष्‍टमंडल ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, यूरोपीय संघ, इटली और डेनमार्क की यात्रा करेगा। इस दल में कांग्रेस सांसद डॉक्‍टर अमर सिंह, शिवसेना उद्धव गुट की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी और पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री एम.जे. अकबर शामिल हैं।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अगुवाई वाला समूह अमरीका, पनामा, गयाना, ब्राजील और कोलम्बिया के दौरे पर जाएगा। डी.एम.के. सांसद कनिमोई करुणानिधि के नेतृत्‍व वाला प्रतिनिधिमंडल स्‍पेन, ग्रीस, स्‍लोवेनिया, लातविया और रूस जाएगा। इसमें, नेशनल कॉफ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव रॉय और राष्‍ट्रीय जनता दल के सांसद प्रेम चंद गुप्‍ता शामिल हैं।

सातवें दल का नेतृत्‍व राष्‍ट्रीय कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले कर रही हैं। यह दल मिस्र, कतर, इथोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा। इस दल में भाजपा के राजीव प्रताप रूडी और अनुराग सिंह ठाकुर, पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री वी. मुरलीधरण और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी शामिल हैं।

Next Story
Share it