कई राज्यों में समय से पहले आया मानसून, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी

  • whatsapp
  • Telegram
कई राज्यों में समय से पहले आया मानसून, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी
X


समय से पहले मॉनसून के आ जाने का असर पूरे देश में साफ नजर आ रहा है। केरल में मॉनसून ने लगभग ढाई सप्ताह पहले दस्तक दी थी, जिसके बाद अब ये अन्य राज्यों की तरफ बढ़ रहा है।

अभी मॉनसून महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में भी फैल गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली में बारिश की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी-बिहार के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली के लिए आंधी के साथ ही बारिश की भी चेतावनी जारी की है। वहीं आने वाले 5 दिन तक राजधानी में प्री मॉनसून का असर दिखाई देगा, जिसकी वजह से रुक-रुककर बारिश हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आगामी तीन दिन तक बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान है। जम्मू कश्मीर में इसका स्पष्ट असर देखने को मिल भी रहा है।

उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में अलर्ट

जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में सुबह से ही ओलावृष्टि और भारी बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के भी 50 जिलों में शनिवार को बारिश का अनुमान है। यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बरसात भी हो सकती है।

बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग ने 3 जून तक कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है, जिसकी वजह से तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सिवान, छपरा, वैशाली, पटना, भोजपुर और बक्सर को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है।

असम में भारी बारिश का अलर्ट

असम की राजधानी गुवाहाटी समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो रही है। राजधानी में लगभग सभी जगह जलभराव हुआ जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने असम के कई जिलों में आज भी बहुत भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है।

Next Story
Share it