मानसून सत्र: दूसरे दिन दोनों सदनों में एक-एक विधेयक सूचीबद्ध

  • whatsapp
  • Telegram
मानसून सत्र: दूसरे दिन दोनों सदनों में एक-एक विधेयक सूचीबद्ध
X


संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में दोनों ही सदनों की कार्यसूची में आज एक-एक विधेयक विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध है। लोकसभा में आज गोवा राज्य के विधानसभा क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन विधेयक, 2024 चर्चा के लिए पेश होगा। विधेयक को केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे।

यह विधेयक गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजातियों एसटी के लिए सीटें आरक्षित करने का प्रावधान करता है। वहीं राज्यसभा में आज समुद्र द्वारा मालवाहन विधेयक, 2025 चर्चा और पारित किए जाने के लिए पेश होगा। विधेयक को केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल पेश करेंगे। इसके साथ ही दोनों सदनों में अन्य अहम विधायी कार्यों के साथ-साथ प्रश्नकाल के दौरान कई अहम प्रश्न पूछे जाएंगे।

पहला दिन बेहद हंगामेदार

वहीं अगर मॉनसून सत्र के पहले दिन की बात की जाये तो मॉनसून सत्र का पहला दिन बेहद हंगामेदार रहा। दोनों सदनों में विपक्षी दलों ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया। सत्ता पक्ष की तरफ से बार बार कहा गया कि सरकार नियमों के मुताबिक चर्चा को तैयार है लेकिन हंगामा जारी रहा।

लोकसभा में हंगामे के बीच भाजपा सांसद बैजयंत 'जय' पांडा ने आयकर विधेयक, 2025 पर बनी संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट सदन में पेश की। वहीं राज्यसभा में चर्चा के बाद वहन पत्र विधेयक को पारित कर दिया गया।

Next Story
Share it