प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कुआलालंपुर में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता में रक्षा और सुरक्षा...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता में रक्षा और सुरक्षा...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस वार्ता में रक्षा और सुरक्षा संबंधों को बढ़ाने तथा आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ावा देने पर ध्यान केन्द्रित किया गया। वार्ता के दौरान आपदा प्रबंधन, ऑडियो विजुअल सह-निर्माण, भ्रष्टाचार निवारण और रोकथाम, सेमीकंडक्टर विकास और सुरक्षा सहित कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद विरोधी गतिविधियों, खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि ऊर्जा, अवसंरचना, विनिर्माण और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग बढ़ रहा है। श्री मोदी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग गहराएगा।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर भारत का दृष्टिकोण स्पष्ट है। आतंकवाद पर कोई दोहरा मानदंड नहीं हो सकता और आतंकवाद से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि समुद्री पड़ोसी होने के नाते भारत और मलेशिया के बीच एक विशेष संबंध है। उन्होंने मजबूत जन-संबंधों और मलेशिया में प्रवासी भारतीयों की उपस्थिति का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने मलेशिया में तमिल भाषा सहित सांस्कृतिक और शैक्षिक संबंधों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हस्ताक्षरित ऑडियो विजुअल समझौता तमिल फिल्मों और संगीत के आदान-प्रदान को विशेष रूप से बढ़ावा देगा। उन्होंने युवाओं के लिए शुरू की गई पहलों का भी उल्लेख किया। इनमें विश्वविद्यालय आदान-प्रदान, कौशल विकास और स्टार्टअप कार्यक्रम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश जल्द से जल्द आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते की समीक्षा संपन्न करने पर सहमत हुए। उन्होंने कहा कि हिन्द-प्रशांत क्षेत्र विकास के एक इंजन के रूप में उभर रहा है। भारत और मलेशिया क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए एक साथ काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री आज दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक संपर्कों को बढ़ावा देने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और व्यावसायिक उद्यमियों के साथ विचार-विमर्श भी करेंगे। वे अपनी यात्रा संपन्न करने और भारत रवाना होने से पहले आजाद हिंद फौज के सदस्यों और मलेशिया के गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी मुलाकात करेंगे।





