संसद का बजट सत्र: दोनों सदनों में कई संसदीय कार्यवाही सूचीबद्ध

  • whatsapp
  • Telegram
संसद का बजट सत्र: दोनों सदनों में कई संसदीय कार्यवाही सूचीबद्ध
X




संसद के बजट सत्र के दौरान आज दोनों सदनों में महत्वपूर्ण संसदीय कार्यवाही सूचीबद्ध है । लोकसभा और राज्यसभा की बैठक प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें सांसद विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। लोकसभा में प्रश्नकाल के बाद सदन के पटल पर आवश्यक दस्तावेज और रिपोर्टें रखी जाएंगी।

इसके बाद रेलवे मंत्रालय तथा कृषि मंत्रालय से संबंधित अनुपूरक मांगों पर चर्चा कर उन्हें पारित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इन मांगों के माध्यम से सरकार संबंधित विभागों के लिए अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करती है। इसके अलावा लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत भी सदस्यों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने का अवसर मिलेगा।

आज राज्यसभा में भी वित्तीय कार्य के तहत महत्वपूर्ण विधायी कार्य सूचीबद्ध है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सदन में विनियोग विधेयक (Appropriation Bill) पर विचार का प्रस्ताव रखेंगी। कार्यसूची के अनुसार वित्त मंत्री यह प्रस्ताव रखेंगी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए भारत की संचित निधि (Consolidated Fund of India) से कुछ अतिरिक्त धनराशि के भुगतान और विनियोजन को अधिकृत करने के उद्देश्य से लोकसभा द्वारा पारित इस विधेयक पर राज्यसभा में विचार किया जाए।

इसके साथ ही वह यह भी प्रस्ताव रखेंगी कि विधेयक को सदन से वापस किया जाए। यह विधेयक सरकार को चालू वित्तीय वर्ष के दौरान विभिन्न सेवाओं और योजनाओं पर अतिरिक्त खर्च के लिए संचित निधि से राशि उपयोग करने की अनुमति प्रदान करता है। राज्यसभा की कार्यवाही में इसके अलावा प्रश्नकाल में मंत्रालयों से प्रश्न पूछे जांगे। वहीं शून्यकाल के दौरान सांसद विभिन्न सार्वजनिक महत्व के मुद्दे भी उठाएंगे।

Next Story
Share it