पूर्वोत्तर में बाढ़ का कहर, 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित

  • whatsapp
  • Telegram
पूर्वोत्तर में बाढ़ का कहर, 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित
X



पूर्वोत्तर के राज्यों में लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचाई हुई है। असम में हालात भयावह बने हुए हैं। बाढ़ के कारण 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और मरने वालों की संख्या 6 पहुंच गई है।

आईएमडी ने सभी 6 पूर्वोत्तर राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट और अरुणाचल प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना है।

ब्रह्मपुत्र नदी नेमाटीघाट और तेजपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि बराक नदी छोटा बेकरा, फुलेरताल, एपी घाट और बीपी घाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। असम के अलावा मणिपुर के विभिन्न हिस्सों में आई भीषण बाढ़ के बाद 31 हजार से अधिक लोगों ने 165 राहत शिविरों में शरण ली है। एसडीआरएफ, जल परिवहन, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं, स्थानीय प्रशासन कार्यालय चौबीसों घंटे बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में 122 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं।

सोमवार को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सर्मा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था। आज वे कछार और कल दीमा हसाओ का दौरा करेंगे। इसके अलावा, गृह मंत्री अमित शाह ने भी हर संभव मदद का भरोसा जताया है।

Next Story
Share it