पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 73 वाँ गणतंत्र दिवस

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 73 वाँ गणतंत्र दिवस

देवरिया। जनपद में 73 वाँ गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह राष्ट्र प्रेम व शहीदों के बलिदान पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। स्कूलों कॉलेजों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। सभी सरकारी/गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ संविधान की उद्देशिका की शपथ ली गई। महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए।

जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रीय प्रतीक गीत का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि दिन-प्रतिदिन हमारा प्रजातंत्र और मजबूत और परिपक्व होता जा रहा है। मानव मूल्य, नागरिक अधिकार और पारदर्शिता इन सब मूल्यों में लगातार उल्लेखनीय प्रगति हो रही है। यह अवसर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को स्मरण करने का भी है। साथ में उनके कृत्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी देता है। इन विचारों से हम एक बेहतर गणतंत्र एवं राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक रूप से वंचित तबकों के उत्थान एवं उन्नयन के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। जिलाधिकारी ने प्रजातंत्र संविधान एवं इसके मूल्यों को अक्षुण्ण रखने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0एवं रा0) नागेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कुंवर पंकज, मुख्य राजस्व अधिकारी अमृत लाल बिंद, एसडीएम मंजूर अहमद अंसारी, एसडीएम महेंद्र कुमार, एएसडीएम अरुण कुमार, एएसडीएम कुणाल गौरव सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारीगण, अधिवक्ता गण, कर्मचारी गण एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।

Next Story
Share it