वरिष्ठ आलोचक और कवि गुरुदेव राजेंद्र कुमार जी का निधन

  • whatsapp
  • Telegram
वरिष्ठ आलोचक और कवि गुरुदेव राजेंद्र कुमार जी का निधन
X


हिंदी विभाग ,इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ आलोचक और वरिष्ठ कवि गुरुदेव राजेंद्र कुमार जी का आज ढाई बजे लगभग 84वर्ष की आयु में हृदयगति रुकने से निधन हो गया।उन्होंने कमला नेहरू अस्पताल के आई सी यू में अंतिम सांस ली। उनका जन्म 24जुलाई 1943को कानपुर में हुआ था ।वह 2001से 2003तक हिंदी विभाग के अध्यक्ष रहे थे और 2005में सेवानिवृत्त हुए थे।उन्होंने कानपुर से रसायनशास्त्र में और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हिंदी में एम ए किया था।उन्होंने वरिष्ठ आलोचक डॉ रघुवंश के निर्देशन में डी फिल किया था।वह लगभग एक साल से आहार नलिका के कैंसर से जूझ रहे थे।

वह एक गंभीर और लोकप्रिय अध्यापक ,साहित्यिक अभिभावक और अदम्य जिजीविषा के धनी थे।ऋण गुणा ऋण,लोहा लक्कड़,हर कोशिश है एक बगावत,उदासी का ध्रुपद उनके चर्चित काव्य संग्रह हैं और प्रतिबद्धता के बावजूद,कविता समय असमय,आलोचना आसपास, कथार्थ और यथार्थ,शब्द घड़ी में समय आदि उनकी महत्वपूर्ण आलोचना पुस्तकें हैं।उन्होंने अभिप्राय नामक एक साहित्यिक पत्रिका निकाली थी और बहुवचन पत्रिका के आठ अंकों का संपादन किया था।

उनके निधन से हिंदी जगत की अपूरणीय क्षति हुई है। विनम्र श्रद्धांजलि, शत शत नमन।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज को अपना देहदान करने की लिखित इच्छा व्यक्त की थी।उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उनके शरीर को आज मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज,प्रयागराज को सुपुर्द किया जाएगा ।अंतिम यात्रा उनके निजी आवास 12 बी/1बंद रोड ,एलनगंज से 11बजे मेडिकल कॉलेज के लिए प्रारंभ होगी।

Next Story
Share it