छत्रपति शिवाजी के नाम पर होगा आगरा म्यूजियम, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान...

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
छत्रपति शिवाजी के नाम पर होगा आगरा म्यूजियम, सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान...


यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर शाम बड़ा ऐलान किया। आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम अब छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारों को पोषित करने वाली है। गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों को छोड़, राष्ट्र के प्रति गौरवबोध कराने वाले विषयों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते। शिवाजी महराज हमारे नायक हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने सरकारी आवास से की।

बीते दिनों जारी देश के स्मार्ट सिटीज की रैंकिंग में आगरा का स्थान पूरे देश में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय एवं उत्तर प्रदेश में घोषित स्मार्ट सिटी की सूची में प्रथम स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने इस पर हर्ष जाहिर करते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। आगरा में कोविड मृत्यु-दर को कम करने के प्रयास तेज करने के निर्देश देते सर्विलांस पर जोर देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

मुगल म्यूजियम

शिल्पग्राम के नजदीक विद्युत विभाग की सीमेंटेड पोल फैक्ट्री की 5.9 एकड़ जमीन पर बन रहे मुगल म्यूजियम का शिलान्यास पांच जनवरी, 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। यह उत्तर प्रदेश का पहला सरकारी भवन है, जिसमें प्री-कास्ट टेक्निक का उपयोग हो रहा है। 21 सितंबर, 2019 को आए पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसके औचित्य पर सवाल उठाए थे। बाद में उन्होंने म्यूजियम के संचालन के लिए बिजनेस प्लान मांगा था। पिछले सात माह से यहां काम रुका हुआ है।

अराधना मौर्या

Next Story
Share it