भाषा विश्वविद्यालय ने दिया छात्रों को एक और मौका: अब 11 जून तक कर सकेंगे एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन”

Update: 2026-06-01 15:13 GMT


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ ने छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पहले 31 मई 2026 को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समाप्त कर दी गई थी तथा 1 और 2 जून को करेक्शन विंडो खोली गई थी।

छात्रों की लगातार आ रही मांग और सुविधा को देखते हुए विश्वविद्यालय ने रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 11 जून 2026 कर दिया है। इसके साथ ही, रजिस्ट्रेशन फॉर्म में सुधार (Correction Window) की सुविधा भी अब 10 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी, ताकि छात्र अपनी त्रुटियों को समय रहते ठीक कर सकें।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिन पाठ्यक्रमों में लिखित परीक्षा आवश्यक नहीं है, उनकी मेरिट सूची 13 जून 2026 को जारी की जाएगी। वहीं बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.टेक, एम.टेक, एम.बी.ए., एम.सी.ए., बी.फार्मा एवं डी.फार्मा पाठ्यक्रमों के लिए लिखित परीक्षा 14 जून 2026 को आयोजित की जाएगी तथा इनकी मेरिट सूची 15 जून 2026 को घोषित की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन पूर्ण करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।

 कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने कहा, “छात्रों की सुविधा और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी योग्य अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे।”

वहीं प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर सोबान सईद ने कहा, “छात्र निर्धारित तिथियों का ध्यान रखते हुए समय पर रजिस्ट्रेशन एवं आवश्यक सुधार अवश्य कर लें।”

यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या प्रशासनिक भवन स्थित हेल्पलाइन डेस्क से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Similar News