शासन के निर्देश पर एमएसडीयू में 12 से 14 जुलाई तक होगा ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’

Update: 2026-07-10 14:13 GMT


आजमगढ़, 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ में 12 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण तथा जनसामान्य में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस महाअभियान का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देशन में तथा कुलसचिव के पर्यवेक्षण एवं देखरेख में संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। साथ ही पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से इस अभियान में अनिवार्य रूप से सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। सामूहिक सहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का दायित्व निभाने का आह्वान किया। ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’ में व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से परिसर को और अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त होगी।

Similar News