ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में पीएच.डी. प्रवेश हेतु पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई तक बढ़ाई गई
लखनऊ, 1 जुलाई 2026। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीएच.डी. कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून 2026 से बढ़ाकर 15 जुलाई 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, जिससे अधिक से अधिक इच्छुक शोधार्थियों को आवेदन का अवसर प्राप्त हो सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें।
कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शोध एवं नवाचार को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा, “पीएच.डी. कार्यक्रम उच्च शिक्षा और शोध की आधारशिला हैं। पंजीकरण की तिथि बढ़ाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी केवल समयाभाव के कारण इस अवसर से वंचित न रह जाए। हम सभी अभ्यर्थियों से आग्रह करते हैं कि वे विस्तारित अवधि का लाभ उठाते हुए समय रहते अपना पंजीकरण पूर्ण करें तथा विश्वविद्यालय की शोध परंपरा का हिस्सा बनें।”