महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अभ्यर्थियों को मेरिट और पाठ्यक्रमवार निर्धारित तिथि पर विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित होकर काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा। * 15 से 17 जुलाई तक होगी काउंसिलिंग*
जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को बीएससी, बीएफए, एमए-समाजशास्त्र, संस्कृत, एमकॉम, एमबीए, एमए-अंग्रेजी, इतिहास तथा एमएससी-कंप्यूटर साइंस सहित कई पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग होगी।16 जुलाई को बीए, बीकॉम, एमए-हिन्दी, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा विभिन्न एमएससी पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।वहीं 17 जुलाई को बीई, एमए-राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, एमएससी-फूड साइंस एवं मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स की काउंसिलिंग होगी 11 बजे तक पहुंचना अनिवार्य
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथि पर प्रातः 11 बजे तक काउंसिलिंग स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। देर से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। ये दस्तावेज लाना जरूरी
काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका, स्थानांतरण प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, श्रेणी एवं अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां तथा एक-एक छायाप्रति साथ लानी होगी। बिना मूल दस्तावेज के अभ्यर्थी को काउंसिलिंग में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पर विचार नहीं किया जाएगा। परास्नातक पाठ्यक्रमों में अपीयरिंग अभ्यर्थियों के लिए मेरिट का निर्धारण उपलब्ध अंकों के आधार पर किया जाएगा। काउंसिलिंग में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने के बाद ही संबंधित पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा।विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व सभी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि काउंसिलिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।