ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में 16 नवंबर को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। इंडियन साइंस कम्युनिकेशन सोसाइटी एवं भाषा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ जिले के विभिन्न विद्यालयों के बाल विज्ञानी प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को एक दिसंबर को नोएडा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद होंगे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा करेंगे। इस अवसर पर पूर्व निदेशक, बेसिक शिक्षा डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह, संयुक्त निदेशक शिक्षा डॉ. प्रदीप कुमार तथा बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (बीएसआईपी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निमिष कपूर भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुप्रयोग जैसे उपविषयों पर अपनी शोध परियोजनाएँ एवं प्रस्तुतियाँ देंगे।

जिला समन्वयक डॉ. सत्यम शिवम सुंदरम ने बताया कि भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाल वैज्ञानिकों को अपनी वैज्ञानिक सोच, शोध एवं नवाचार प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिल सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राज्य प्रमुख अन्वेषक डॉ. विष्णु प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. सुमन कुमार मिश्रा, राज्य अकादमिक समन्वयक रामकुमार तथा जिला अकादमिक समन्वयक डॉ. मनीष श्रीवास्तव भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।