एमएसडीयू की कार्य परिषद की 18वीं बैठक में तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों पर अंतिम मुहर
आजमगढ़, 5 अगस्त। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ की कार्य परिषद की 18वीं बैठक कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई| विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमृत लाल द्वारा जारी कार्यसूची के अनुसार बैठक में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक महत्व के विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ,जिनमें आगामी तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रहा ।
बैठक की शुरुआत कार्य परिषद में नामित नए सदस्य प्रो.दीना नाथ सिंह,प्रो.ए.के.मिश्र,प्रो.मनोज अवस्थी,जस्टिस रंग नाथ पाण्डेय के स्वागत एवं परिचय से हुयी । इसके उपरांत 5 अगस्त को ऑनलाइन आयोजित विद्या परिषद की 10वीं बैठक, 20 जून 2026 को संपन्न कार्य परिषद की 17वीं बैठक तथा परीक्षा समिति की 35वीं बैठक के कार्यवृत्त का अनुमोदन किया गया । कुलपति की अनुमति से अन्य आवश्यक प्रस्ताव भी परिषद के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत हुए ।
कार्य परिषद की बैठक में 11 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। देश के सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक एवं पद्म विभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा दीक्षांत भाषण देंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का अवसर है। इस अवसर पर स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी तथा विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। परिसर में सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यह आयोजन विश्वविद्यालय के इतिहास में एक यादगार उपलब्धि के रूप में स्थापित हो सके।