उत्तर प्रदेश की माननीय कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देशों के अनुपालन में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में ‘गुजरात स्थापना दिवस 2026’ बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई, जिनमें छात्रों ने गुजरात की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं कला को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ काज़िम रिज़वी और मोहसिन हैदर द्वारा निर्मित एक 10 मिनट की प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री रही, जिसमें गुजरात की सांस्कृतिक विरासत, राजनीतिक पृष्ठभूमि एवं ऐतिहासिक महत्व को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस डॉक्यूमेंट्री ने उपस्थित दर्शकों को राज्य की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराया।
स्थापना दिवस को. सम्बोधित करते हुए माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति से परिचित कराते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही। प्रो तनेजा ने गुजरात स्थापना दिवस को प्रदेश की राज्यपाल से जोड़ते हुए आनंदीबेन पटेल के कार्य और व्यवहार से सीखने की सलाह दी. प्रो तनेजा ने गुजरात राज्य के औद्योगिक कौशल से भी सीखने की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संदेशों का भी उल्लेख किया गया, जिनमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गुजरात की पारंपरिक कला के अभिनय से गुजरात के इतिहास का स्मरण किया. इसके पश्चात भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने गुजरात के इतिहास, संस्कृति एवं सामाजिक विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें राज्य के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान एवं महापुरुषों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राज्य गीत, कविता पाठ, पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियाँ (गरबा एवं डांडिया) तथा नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सभी प्रस्तुतियाँ गुजरात की संस्कृति एवं परंपराओं को समर्पित थीं, जिनमें विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।स्थापना दिवस के अवसर पर डॉ रुचिता चौधरी और डॉ विनय द्वारा निर्मित विश्वविद्यालय की डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया.
गुजरात स्थापना दिवस के अवसर पर गृह विज्ञान की प्रो तत्हीर फातिमा के द्वारा अटल सभागार में गुजरात की संस्कृति और स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बिंदु विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए गुजराती फूड स्टॉल्स थे। गृह विज्ञान विभाग के छात्रों ने अपनी पाक कला का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रसिद्ध गुजराती व्यंजनों के स्टॉल लगाए। माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने शिक्षकों के साथ स्टॉल्स का भ्रमण किया और व्यंजनों का स्वाद चखा। कुलपति महोदय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक ज्ञान बढ़ाते हैं, बल्कि छात्रों में उद्यमिता (entrepreneurship) के कौशल को भी विकसित करते हैं।
स्थापना दिवस कार्यक्रम का संचालन डॉ धीरेन्द्र सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ नलिनी मिश्रा ने किया. कार्यक्रम के दौरान प्रो मसूद आलम, प्रो चंदना डे, प्रो सौबान सईद, कुलसचिव डॉ महेश कुमार, उपकुलसचिव मो सुहैल और डॉ पूनम चौधरी, डॉ राजकुमार सहित सभी शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी भारी संख्या में उपस्थित रहे.