दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, पौधारोपण अभियान एवं राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन

Update: 2026-07-01 14:56 GMT


लखनऊ, 1 जुलाई 2026।

कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन एवं कुलपति प्रो. अजय तनेजा के नेतृत्व में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में ‘दीक्षोत्सव-2026’ के अंतर्गत आज स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। डॉ. नलिनी मिश्रा के संयोजन में आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

छात्राओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं का रक्त परीक्षण (ब्लड टेस्ट), बीएमआई (BMI) तथा रक्तचाप (BP) की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्राओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया।

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर डॉ. विजय कुमार मिश्रा का सम्मान

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (National Doctors Day) के अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं समर्पित सेवाओं के लिए करियर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय कुमार मिश्रा को विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके चिकित्सा सेवा, मानवीय संवेदनशीलता एवं समाज के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति प्रदान की गई।

एनबीआरआई के सहयोग से 100 पौधों का रोपण

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत 100 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा,

“विश्वविद्यालय केवल ज्ञान प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन का भी सशक्त माध्यम है। छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज की सेवा में समर्पित चिकित्सकों का सम्मान हमारे समग्र विकास के दृष्टिकोण का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री विकास, मो. साहिल, डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अंजू पटेल, डॉ. वर्तिका सिंह, डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी, डॉ. ताथिर फातिमा, डॉ. राजकुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Similar News