कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता, नवाचार एवं अंतर्विषयक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सी.वी. रमन रिसर्च प्रोजेक्ट्स स्कीम (CVRPS)-2026 का शुभारम्भ किया गया है।

इस योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों के लिए माइनर रिसर्च ग्रांट तथा मेजर रिसर्च ग्रांट की व्यवस्था की गई है। माइनर रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए अधिकतम ₹2 लाख तथा मेजर रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए अधिकतम ₹5 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। दोनों श्रेणियों में परियोजना की अवधि अधिकतम दो वर्ष निर्धारित की गई है।

योजना के अंतर्गत शोध प्रस्ताव आमंत्रित करने की अवधि 21 सितम्बर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। प्रस्तावों का मूल्यांकन विश्वविद्यालय द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन हेतु: सी.वी. रमन रिसर्च प्रोजेक्ट्स स्कीम-2026 के अंतर्गत आवेदन करने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन हेतु विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक https://erp.csjmu.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय की डीन, प्रोजेक्ट्स एवं एक्सटर्नल रिसोर्स जनरेशन, डॉ. अनुराधा कलानी के निर्देशन में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शोध प्रस्तावों की प्रक्रिया को संचालित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट, मौलिक एवं प्रभावकारी शोध को संस्थागत स्तर पर प्रोत्साहन प्रदान करना है।