ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में 'वृक्षारोपण महायज्ञ 2026' का भव्य आयोजन; रोपे गए 1000 पौधे

Update: 2026-07-12 15:32 GMT


पर्यावरण संरक्षण और हरित धरा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 'वृक्षारोपण महायज्ञ 2026' का भव्य आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस महा-अभियान में विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया।

इस महा-अभियान की सफलता में कुलसचिव श्री विकास, राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभय कृष्णा तथा डॉ. बृजेश कुमार द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं, NSS स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने पूरे उत्साह व कड़े अनुशासन के साथ भाग लिया। सभी के सामूहिक श्रमदान से विश्वविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में लगभग 1000 पौधे रोपे गए।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि स्वयंसेवकों ने न केवल पारंपरिक रूप से पौधे लगाए, बल्कि भविष्य में उनकी सुरक्षा और नियमित सिंचाई करने का भी दृढ़ संकल्प लिया। यह पहल भावी पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने तथा विश्वविद्यालय परिसर और लखनऊ क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर व हरित बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण व सराहनीय कदम है।

माननीय कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा जी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा "वृक्षारोपण केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारा सामूहिक दायित्व है। आज ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के दौर में पृथ्वी को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। 'वृक्षारोपण महायज्ञ 2026' के माध्यम से हमारे विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने जो उत्साह दिखाया है, वह सराहनीय है।"

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा अभियान में सम्मिलित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस सफल आयोजन ने न केवल परिसर को एक नई हरित पहचान दी है, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे रचनात्मक और सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Similar News