भाषा विश्वविद्यालय में स्पेशल बैक पेपर परीक्षा 2026 हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ, 15 जून तक करें आवेदन
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के परीक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत स्पेशल बैक पेपर परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, पात्र अभ्यर्थी दिनांक 09 जून 2026 से 15 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। ऐसे छात्र-छात्राएं जो पूर्व सेमेस्टर/वर्ष की परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण रहे हैं अथवा किसी कारणवश परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सके थे, वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क का निर्धारण विश्वविद्यालय के नियमानुसार किया गया है, जिसकी जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं संबंधित विभागों से प्राप्त की जा सकती है। सभी अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में मांगी गई सूचनाएं सावधानीपूर्वक भरनी होंगी। विलंब से प्राप्त अथवा अपूर्ण आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। स्पेशल बैक पेपर परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, परीक्षा तिथियां एवं अन्य आवश्यक जानकारियां विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर शीघ्र ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। स्पेशल बैक पेपर परीक्षा उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे वे अपने परिणामों में सुधार कर सकें और अपने शैक्षणिक भविष्य को सुदृढ़ बना सकें।
उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से समयसीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की।
अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।