भाषा विवि के छात्र ने आईजीसी टीएससी थल सेना कैंप-2026 में रचा इतिहास, लखनऊ ग्रुप को 30 वर्षों बाद दिलाया प्रथम स्थान

Update: 2026-08-05 11:53 GMT


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के बी.टेक. (कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग–कोर) द्वितीय वर्ष के छात्र एवं एनसीसी कैडेट एलसीपीएल प्रशांत यादव ने आईजीसीसी (IGC: TSC) थल सेना कैंप–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने 30 वर्षों बाद लखनऊ ग्रुप का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तर प्रदेश निदेशालय (UP Directorate) में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर लखनऊ ग्रुप को ओवरऑल ट्रॉफी–2026 भी दिलाई। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय, लखनऊ ग्रुप एवं उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय का गौरव बढ़ा है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के 11 एनसीसी ग्रुपों से चयनित 720 से अधिक कैडेटों ने भाग लिया। कड़े प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में एलसीपीएल प्रशांत यादव ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए उत्तर प्रदेश निदेशालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के परिणामस्वरूप लखनऊ ग्रुप ने तीन दशक बाद ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया, जिसे एनसीसी के क्षेत्र में अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने इस ऐतिहासिक सफलता पर एलसीपीएल प्रशांत यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विश्वविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशांत यादव भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय, लखनऊ ग्रुप तथा उत्तर प्रदेश का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे।

जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. शचीन्द्र शेखर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय में प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने प्रशांत यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. बुशरा अलवेरा तथा बी.टेक. विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन मिश्रा ने कहा कि प्रशांत यादव की यह ऐतिहासिक उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी तथा अधिकाधिक छात्र-छात्राओं को एनसीसी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Similar News