एमएसडीयू में 21 जुलाई को सात पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा

Update: 2026-07-19 13:40 GMT



आजमगढ़, 19 जुलाई। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए व्यावसायिक, स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा सोमवार 21 जुलाई को आयोजित की जाएगी।परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर स्थित अकादमिक ब्लॉक-01 एवं 02 में तीन पालियों में संपन्न होगी।

इस तरह होगी परीक्षा की समय-सारणी

विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार:

प्रथम पाली: प्रातः 9:00 से 11:00 बजे तक - बीसीए एवं एमएससी (जंतु विज्ञान )

द्वितीय पाली: दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक -बी बीए, एमए भूगोल तथा एलएलएम

- तृतीय पाली: अपराह्न 3:00 से 5:00 बजे तक - बीए-एलएलबी एवं एमबीए एबीएम

एमसीक्यू पैटर्न पर आधारित होगा प्रश्नपत्र :

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी प्रश्नपत्र बहुविकल्पीय यानी एमसीक्यू होंगे। प्रश्नों का स्तर संबंधित पाठ्यक्रम की निर्धारित योग्यता के अनुरूप रखा गया है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य :प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. सियाराम शुक्ला ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

परीक्षा में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र तथा वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र समर्थ पोर्टल पर जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी अपने लॉगिन के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।

वेबसाइट पर रखें नजर :

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी अद्यतन सूचना के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

Similar News