भाषा विश्वविद्यालय में ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ प्रमाणन समारोह 23 मार्च को, शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय करेंगे शिरकत

Update: 2026-03-17 13:35 GMT


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय लखनऊ में 23 मार्च 2026 को ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस (SIC)–2026’ का प्रमाणन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक विश्वविद्यालय के अटल सभागार में संपन्न होगा।

इस गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में सैमसंग इंडिया तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ESSCI) के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम की संयोजक एवं आयोजक डॉ. शान-ए-फातिमा ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ पहल के अंतर्गत प्रशिक्षित विश्वविद्यालय के 400 से अधिक विद्यार्थियों को इस अवसर पर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इन विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डेटा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा कोडिंग एवं प्रोग्रामिंग जैसी उभरती तकनीकों में प्रशिक्षण दिया गया है।

यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ESSCI) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जबकि भाषा विश्वविद्यालय में इसका क्रियान्वयन ESSCI के अधिकृत प्रशिक्षण भागीदार ‘स्वदेश’ (Social Welfare and Development for Empowered Society) द्वारा किया गया है।

यह पहल उत्तर प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से सशक्त बनाने, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने तथा उन्हें भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Similar News