झाँसी, 3 नवंबर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी) से आच्छादित स्नातक एवं परास्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 25 नवंबर से आयोजित करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि संस्थागत, व्यक्तिगत एवं बैक पेपर तथा श्रेणी सुधार (जहाँ लागू हो) की परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम तैयार कर संबंधित महाविद्यालयों एवं विभागों को भेज दिया गया है। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रश्नपत्र की तिथि अथवा अन्य कोई विसंगति होने पर 5 नवंबर तक ई-मेल exam@bujhansi.ac.in या प्रत्यावेदन के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी एवं अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।