ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा “Introduction to 3D Printing” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय तनेजा के मुख्य संरक्षण में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए इसे विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. आर. के. त्रिपाठी, निदेशक, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय रहे। कार्यशाला के संयोजक डॉ. सैयद असगर हुसैन रिज़वी, एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग तथा सह-संयोजक श्री उन्नी किसन, सहायक प्रोफेसर रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय भी श्री उन्नी किसन द्वारा किया गया।
कार्यशाला के दौरान डॉ. सैयद असगर हुसैन रिज़वी एवं श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को 3डी प्रिंटिंग की मूलभूत अवधारणा, 3डी प्रिंटर के विभिन्न घटकों, उसकी कार्यप्रणाली, 3डी मॉडलिंग, स्लाइसिंग सॉफ्टवेयर, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग (Additive Manufacturing) की प्रक्रिया तथा उद्योग, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में 3डी प्रिंटिंग के बढ़ते महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को 3डी प्रिंटर का लाइव डेमो एवं हैंड्स-ऑन प्रायोगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे उन्हें तकनीक की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला।इस कार्यशाला में केएमसीएलयू के विद्यार्थियों के अतिरिक्त गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, लखनऊ, जी. बी. पंत पॉलिटेक्निक, लखनऊ, लखनऊ पॉलिटेक्निक, फिरोज गांधी पॉलिटेक्निक, रायबरेली तथा आर. आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न टेक्नोलॉजी, लखनऊ के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने आधुनिक 3डी प्रिंटिंग तकनीक से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपने तकनीकी ज्ञान एवं कौशल का विस्तार किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक विनिर्माण तकनीकों के प्रति विशेष रुचि दिखाई तथा भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी दक्षता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें डॉ. सैयद असगर हुसैन रिज़वी, श्री उन्नी किसन, श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, श्री विवेक बाजपेयी, श्री बीरेन्द्र पटेल, श्री पंकज कुमार, डॉ. पीयूष पाल, श्री शकील अली, श्री विक्रम सिंह, श्री अर्पित कटियार एवं श्री मोहम्मद निशाद सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।