आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ भाषण प्रतियोगिता का विश्वविद्यालय स्तरीय आयोजन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता दोपहर 12 बजे विश्वविद्यालय के फैसिलिटी सेंटर स्थित सेमिनार हॉल में होगी।
विश्वविद्यालय के मीडिया सेल के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महाविद्यालय स्तर के विजेता अब दूसरे चरण में विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर के विजेताओं को प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्य/प्रबंधकों से चयनित छात्र-छात्राओं की विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
इस अभियान के संयोजक डॉ. देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर होने वाली प्रतियोगिता में विद्यार्थी अपने विचारों और कल्पनाओं के माध्यम से भारत के भविष्य, विकास और युवाओं की भूमिका को स्वर देंगे। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।