भाषा विवि में 30 नवंबर से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं, 5 नवंबर तक भरें परीक्षा फॉर्म
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में दिसंबर 2026 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए सेमेस्टर शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विलंब शुल्क के रूप में ₹1,000 के साथ सेमेस्टर शुल्क जमा करने और परीक्षा फॉर्म भरने की सुविधा निर्धारित अंतिम तिथि तक उपलब्ध रहेगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विकास ने बताया कि कई विद्यार्थियों ने अभी तक सेमेस्टर शुल्क जमा नहीं किया है। वहीं, शुल्क जमा करने के बावजूद अनेक विद्यार्थियों ने समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में शुल्क जमा करना और परीक्षा फॉर्म भरना विद्यार्थियों की जिम्मेदारी है। अंतिम तिथि तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थियों को नियमानुसार मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित होना पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय की दिसंबर 2026 की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समर्थ पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरकर आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें, ताकि परीक्षा में शामिल होने में किसी प्रकार की समस्या न हो।