बीयू के 53 विद्यार्थियों ने किया बीपीसीएल करारी का औद्योगिक भ्रमण, जानी ऑटोमेशन और कंट्रोल सिस्टम की कार्यप्रणाली
झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के 53 विद्यार्थियों ने शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), करारी का औद्योगिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण, औद्योगिक ऑटोमेशन, कंट्रोल सिस्टम तथा सुरक्षा तकनीकों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
औद्योगिक भ्रमण दल को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आईईटी के अधिष्ठाता प्रो. एम.एम. सिंह एवं निदेशक प्रो. डी.के. भट्ट उपस्थित रहे। कुलपति ने कहा कि तकनीकी शिक्षा की सार्थकता सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने के साथ भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बीपीसीएल करारी में डिपो प्रभारी इंजीनियर राहुल जे. कुलकर्णी एवं इंजीनियर अविनाश कुमार ने विद्यार्थियों को पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण, संचालन एवं वितरण से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने औद्योगिक संयंत्रों में प्रयुक्त स्वचालित प्रणालियों, नियंत्रण उपकरणों तथा सुरक्षा प्रबंधन की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि पेट्रोलियम उद्योग में ऑटोमेशन और इंस्ट्रूमेंटेशन तकनीक किस प्रकार परिचालन दक्षता, सटीक नियंत्रण तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होती है। विद्यार्थियों ने औद्योगिक वातावरण में तकनीकी उपकरणों के उपयोग और सुरक्षा मानकों के महत्व को भी समझा।
विभाग की समन्वयक इंजीनियर नेहा जैन ने बताया कि औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान का वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों में अनुप्रयोग समझाना है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल, व्यावहारिक समझ और औद्योगिक कार्यसंस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं।
भ्रमण के दौरान विभाग की समन्वयक इंजीनियर नेहा जैन के साथ इंजीनियर अनुराग गुप्ता एवं इंजीनियर आशीष स्वर्णकार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर औद्योगिक भ्रमण समन्वयक डॉ. रवि कुमार, इंजीनियर शशिकांत वर्मा एवं डॉ. अंजिता श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।