बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित, 64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झाँसी में रोटरी क्लब झाँसी, 56 यूपी बटालियन एनसीसी एवं फॉरेंसिक साइंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर शिविर का आयोजन फॉरेंसिक साइंस विभाग में किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर के दौरान कुल 64 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिवार, विशेषकर युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के साथ आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया।
निदेशक, आईक्यूएसी एवं मेजर प्रो. सुनील कुमार कबिया ने कहा कि रक्तदान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे जनहितकारी अभियान व्यापक और प्रभावी बनते हैं। उन्होंने सभी 64 रक्तदाताओं तथा आयोजन से जुड़े सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
रोटरी क्लब झाँसी की प्रतिनिधि सुश्री प्रीति खन्ना ने कहा कि नियमित रूप से आयोजित रक्तदान शिविर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
रोटरी क्लब झाँसी के प्रतिनिधि श्री पावित्रा खन्ना ने रक्तदान को महान सामाजिक सेवा बताते हुए अधिक से अधिक स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय-समय पर रक्तदान करने से जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
शिविर में विश्वविद्यालय की ओर से सुश्री हितिक यादव, श्री हेमंत चंद्रा, श्री शशांक चंद्रा, डॉ राघवेन्द्र दीक्षित, डॉ. विजय यादव, डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. मुरली यादव, डॉ. आकाश कुमार, श्री चंद्र भान प्रजापति, सीए गौरव गुप्ता एवं श्री जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। 56 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता करते हुए रक्तदान एवं आयोजन व्यवस्था में सहयोग किया।
रोटरी क्लब झाँसी की ओर से श्री पावित्रा खन्ना, सीए निमेष खन्ना, श्री विजयंन्त सूरी, श्रीमती रानी, श्री अतुल अग्रवाल, श्री संजीव बब्बर, श्री नितिन मेहरोत्रा, असिस्टेंट गवर्नर श्री राजीव शर्मा, सुश्री प्रीति खन्ना, सुश्री दीपिका खन्ना एवं सुश्री उर्वशी सूरी सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।