भाषा विश्वविद्यालय में “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पर पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन
उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एक पोस्टर प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश सरकार की गत नौ वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों एवं विकासात्मक पहलों को रचनात्मक माध्यम से अभिव्यक्त करना था। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण एवं डिजिटल विकास जैसे विविध क्षेत्रों में हुई प्रगति को आकर्षक एवं सृजनात्मक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतिभागियों की सृजनात्मकता, विषय की समझ एवं प्रस्तुति कौशल ने प्रतियोगिता को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया। विभिन्न पोस्टरों में नवाचार, जागरूकता एवं सामाजिक दृष्टिकोण का समन्वय स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।
यह कार्यक्रम एनएसएस की समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि प्रतियोगिता का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रत्नेश कुमार सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित प्राध्यापकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके रचनात्मक योगदान को प्रोत्साहित किया। यह आयोजन न केवल शासन की उपलब्धियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक सहभागिता, रचनात्मकता एवं उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।