भाषा विवि में लगा हेल्थ अलर्ट कैंप, BMI जांच के साथ मिला डाइट का सही मंत्र
ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग द्वारा ‘राष्ट्रीय पोषण माह 2026’ के अंतर्गत ‘Discover the Power of Nutrition’ विषय पर विशेष बीएमआई जांच एवं डाइट काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के संरक्षण तथा गृह विज्ञान विभाग की डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. तत्हीर फात्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों के वजन, लंबाई एवं बॉडी मास इंडेक्स (BMI) का आकलन किया गया। जांच के आधार पर प्रतिभागियों को उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप व्यक्तिगत डाइट चार्ट एवं आहार संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।इस अवसर पर प्रो. तत्हीर फात्मा ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। दैनिक आहार में पोषक तत्वों का संतुलित समावेश न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक है, बल्कि बेहतर कार्यक्षमता और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव भी तैयार करता है। उन्होंने कहा कि पोषण के प्रति जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
रूसा बिल्डिंग स्थित गृह विज्ञान विभाग में आयोजित इस शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और निःशुल्क बीएमआई जांच एवं आहार परामर्श का लाभ उठाया। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों के आधार पर उचित खान-पान, पोषण संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी दिए गए।कार्यक्रम के सफल आयोजन में समन्वयक डॉ. कीर्तिमा सचान, डॉ. कल्पना देवी एवं डॉ. अंजलि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति की सदस्य मीना देवी, फातिमा सैयद अली, अमरीन कुरैशी एवं नेहा मोहन सिन्हा सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।