भाषा विश्वविद्यालय: फार्मेसी संकाय के विद्यार्थियों का CSIR–CIMAP में शैक्षणिक भ्रमण
लखनऊ। माननीय कुलपति प्रो० अजय तनेजा के संरक्षण में ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के फार्मेसी संकाय के डिप्लोमा प्रथम वर्ष के 45 विद्यार्थियों ने CSIR–CIMAP (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड एरोमैटिक प्लांट्स) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औषधीय एवं सुगंधित पौधों के व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने हर्बल गार्डन एवं आयुष सेक्शन का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने मेंथा, पेपरमिंट, स्पीयरमिंट, रुद्राक्ष सहित विभिन्न औषधीय पौधों के गुणों एवं उपयोगों का अध्ययन किया।
इसके पश्चात डेमोंस्ट्रेशन ब्लॉक में बायोलॉजी सेंट्रल फैसिलिटी के अंतर्गत स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, पीसीआर, आरटी-पीसीआर, सेंट्रीफ्यूज, लैमिनार एयर फ्लो तथा इन्क्यूबेटर शेकर जैसे आधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा। इन उपकरणों के संचालन एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद पटेल (सीनियर टेक्निकल ऑफिसर–2) द्वारा प्रदान की गई।
विद्यार्थियों ने प्रोसेसिंग डिस्टिलेशन यूनिट का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्हें आवश्यक तेलों के निष्कर्षण (एक्सट्रैक्शन) की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
संस्थान की समग्र जानकारी डॉ. राम सुरेश शर्मा (प्रिंसिपल साइंटिस्ट) द्वारा दी गई। इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया गया।
इस अवसर पर संकाय की निदेशक डॉ. शालिनी त्रिपाठी के मार्गदर्शन का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों के साथ डॉ. अमृता यादव, श्री एहतेशाम अहमद एवं श्री विनोद कुमार गौतम भी उपस्थित रहे।