कुलपति प्रो. अजय तनेजा को मिला ISCB Excellence Award

Update: 2026-08-09 14:24 GMT


लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCLU), लखनऊ के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि का अवसर रहा, जब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा को भारतीय रसायनज्ञ एवं जीवविज्ञानी सोसाइटी (Indian Society of Chemists & Biologists–ISCB) तथा ISCB Research Foundation द्वारा आयोजित “Catalysing Research, Innovation and Impact विषयक सम्मेलन में “ISCB Excellence Award for Academic Leadership” से सम्मानित किया गया। ISCB की ओर से भी प्रो. अजय तनेजा को इस सम्मान के लिए सार्वजनिक रूप से उल्लेखित किया गया है।

यह सम्मान प्रो. तनेजा के शिक्षा, शोध, नवाचार तथा अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को रेखांकित करता है। विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में उनके नेतृत्व में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योगों के साथ अकादमिक संस्थानों के सहयोग को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक शोध एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रो. तनेजा का तीन दशकों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव है तथा उनका शोध क्षेत्र पर्यावरणीय रसायन एवं वायु प्रदूषण सहित विभिन्न वैज्ञानिक विषयों से जुड़ा रहा है।

फार्मेसी संकाय में Lifeactivus Innovation Lab का उद्घाटन

सम्मेलन के दौरान KMCLU के फार्मेसी संकाय में Lifeactivus Private Limited, Hyderabad के सहयोग से अत्याधुनिक “Lifeactivus Innovation Lab” का भी शुभारंभ किया गया। यह पहल विश्वविद्यालय में फार्मास्यूटिकल शिक्षा, प्रयोगात्मक प्रशिक्षण, शोध एवं नवाचार को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Lifeactivus Private Limited और KMCLU के मध्य अकादमिक सहयोग के लिए समझौता भी किया जा चुका है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

नवस्थापित Innovation Lab के माध्यम से फार्मेसी के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण तथा शोध एवं नवाचार की नवीन संभावनाओं से परिचित कराने में सहायता मिलेगी। इससे विद्यार्थियों में प्रयोगात्मक कौशल, अनुसंधान क्षमता, समस्या-समाधान की दक्षता तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

उद्योग-अकादमिक साझेदारी को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए शोध को नवाचार तथा व्यावहारिक उपयोगिता से जोड़ना रहा। इस दिशा में Lifeactivus Innovation Lab की स्थापना KMCLU के फार्मेसी संकाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विश्वविद्यालय में इंडस्ट्री–एकेडेमिया पार्टनरशिप, स्टार्टअप संस्कृति, अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार आधारित शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर प्रो. अनामिक शाह, डॉ. केशव देव, डॉ. विनय तिवारी, कुलसचिव श्री विकास सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने कुलपति प्रो. अजय तनेजा को प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा Lifeactivus Innovation Lab की स्थापना को विश्वविद्यालय के फार्मेसी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Similar News