*लखनऊ।* ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन में ‘विधि अध्ययन एवं उसके व्यावहारिक प्रयोग की चुनौतियाँ’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विधि के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ न्यायालय एवं पेशेवर जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों से रूबरू कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस श्री देवेंद्र कुमार राय ने विधि के सैद्धांतिक अध्ययन और न्यायालय की वास्तविक कार्यप्रणाली के बीच सामंजस्य स्थापित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक क्षेत्र में सफल करियर के लिए व्यावहारिक अनुभव, निरंतर अध्ययन एवं पेशेवर दक्षता के महत्व से अवगत कराया। व्याख्यान के पश्चात विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने विधिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री देवेंद्र कुमार राय ने अपनी फर्म के सदस्य श्री कीर्ति वर्धन शुक्ला एवं श्री आलोक राय के साथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अपनी फर्म में इंटर्नशिप करने के लिए आमंत्रित किया। इससे विद्यार्थियों को विधिक क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने तथा पेशेवर कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का आयोजन विधि अध्ययन संकाय के अधिष्ठाता डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अंशुल पाण्डेय ने किया। समापन अवसर पर कुलानुशासक डॉ. नीरज शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासित जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है और विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं निरंतर प्रयास को अपनाना चाहिए।

### कुलपति प्रो. अजय तनेजा का बयान

कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों के लिए भी तैयार करना है। विधि शिक्षा में सैद्धांतिक अध्ययन के साथ न्यायालय एवं पेशेवर कार्यक्षेत्र का अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे व्याख्यान और इंटर्नशिप के अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, कौशल एवं भविष्य की पेशेवर क्षमता को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।